राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारम्भिक) सवाई माधोपुर देवीलाल मीना को शिक्षकों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप भारद्वाज और प्रदेश उपाध्यक्ष कन्हैयालाल सैनी ने किया। वार्ता में पेंशन प्रकरणों के निस्तारण, शिक्षकों के स्थायीकरण, वेतन नियमितीकरण और पीडी मद के शिक्षकों को समय पर वेतन भुगतान के मुद्दे उठाए गए। संगठन ने बताया कि स्थायीकरण और वेतन नियमितीकरण में देरी हो रही है। पीडी मद के शिक्षकों को समय पर वेतन नहीं मिलने से आर्थिक परेशानी बढ़ रही है। डीईओ देवीलाल मीना ने संबंधित अधिकारियों को फोन पर निर्देश देकर वंचित शिक्षकों के वेतन नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू कराने को कहा। तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थायीकरण से जुड़ी फाइल को जिला परिषद की जिला स्थापना समिति की बैठक में अनुमोदन के लिए भेजा गया। प्रदेश प्रवक्ता राहुल सिंह गुर्जर ने सेवानिवृत्त वरिष्ठ अध्यापक भजनलाल वर्मा के 21 माह से लंबित पेंशन प्रकरण का मुद्दा भी उठाया। डीईओ ने बताया कि अवकाश प्रकरण का निस्तारण कर लंबित वेतन भुगतान और नियमित पेंशन प्रकरण का समाधान जल्द किया जाएगा।