बांसवाड़ा| उदयपुर मार्ग पर मोरड़ी मिल के पास सोमवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में एक नाबालिग की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घाटोल थानाधिकारी रमेश पन्नू ने बताया कि राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों युवक सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़े थे। एम्बुलेंस की मदद से उन्हें तुरंत महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रामपुरा सागवड़िया निवासी राहुल (16) पुत्र अर्जुन को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके साथी विपिन (18) पुत्र गौतम का इलाज जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक भचढ़िया में एक वैवाहिक समारोह में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोरड़ी मिल के पास बाइक अनियंत्रित हो गई और हादसा हो गया। पुलिस ने शव को एमजी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतक का पोस्टमॉर्टम मंगलवार सुबह किया जाएगा। हादसे के कारणों की जांच जारी है।