भास्कर न्यूज | प्रतापगढ़ जिले में सूरज के तीखे तेवरों ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान के विश्लेषण से सामने आया है कि सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे के बीच पारे में 9 डिग्री सेल्सियस तक की रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई। सुबह जहां मौसम थोड़ा सुहावना था, वहीं दोपहर होते-होते लू के थपेड़ों ने लोगों को घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया। आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 8 बजे तापमान 31 डिग्री सेल्सियस था, जो दोपहर 3 बजे तक अपने उच्चतम स्तर 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इस भीषण गर्मी के कारण शहर के मुख्य बाजारों और सड़कों पर दोपहर 12 बजे के बाद सन्नाटा पसर गया। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 48 घंटों में गर्मी के तेवर और कड़े होने की संभावना है। शहर में सुबह की शुरुआत अपेक्षाकृत सामान्य तापमान के साथ हुई। सुबह 8 बजे पारा 31 डिग्री पर था, जो 10 बजे तक बढ़कर 34 डिग्री तक पहुंच गया। इसके बाद पारे में तेजी से उछाल देखा गया। दोपहर 12 बजे तापमान 37 डिग्री और दोपहर 2 बजे यह 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन का सबसे गर्म समय दोपहर 3 से 4 बजे के बीच रहा, जब पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया। शाम 6 बजे सूरज ढलने के बाद भी गर्मी से राहत नहीं मिली और तापमान 36 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा। गर्म हवाओं के कारण दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, पाकिस्तान से आने वाली गर्म व शुष्क हवाओं (एंटी- साइक्लोनिक सर्कुलेशन) के कारण राजस्थान के सीमावर्ती और दक्षिण-पश्चिमी जिलों में तापमान बढ़ रहा है। हवा में नमी की कमी और आसमान साफ होने की वजह से सूरज की किरणें सीधे धरती पर पहुंच रही हैं, जिससे "हीट पॉकेट' बन रहे हैं।