नागौर में थांवला पुलिस ने तस्करी की कमाई से बनाए जा रहे एक मकान को सील कर दिया है। आरोपी तस्कर अपनी पत्नी के नाम से मकान बनवा रहा था। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 36 लाख रुपए बताई गई है। तस्करी की आय से बन रहा था मकान पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी भींवराज जांगिड थांवला कस्बे की पारस सिटी में नशा तस्करी से अर्जित पैसों से निर्माणाधीन मकान तैयार करवा रहा था। आरोपी अपनी पहचान छिपाकर इस संपत्ति को खड़ा कर रहा था, जिसे पुलिस ने चिन्हित कर कार्रवाई की। ​एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मामले दर्ज आरोपी भींवराज के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसकी संपत्तियों की गहन जांच की, जिसमें अवैध कमाई से मकान बनाने की पुष्टि हुई। दिल्ली के सक्षम प्राधिकारी ने भी दी मंजूरी थानाधिकारी द्वारा संपत्ति फ्रीज करने के आदेश को दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी ने जांच और सुनवाई के बाद सही ठहराते हुए कंफर्म कर दिया। इसके बाद पुलिस ने विधिवत कार्रवाई को अंजाम दिया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी और वृताधिकारी जयप्रकाश बेनिवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी अशोक झाझड़िया और उनकी टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी से समाज को नुकसान पहुंचाने वाले अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।