भास्कर न्यूज|टोंक जेल रोड पर प्याऊ संचालिका बुजुर्ग महिला से लूट के प्रयास के मामले में आखिरकार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अहमदपुरा नयागांव निवासी छोटू लाल (37) पुत्र अर्जुन मीणा को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। साथ ही पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। कोतवाल भंवरलाल वैष्णव ने बताया कि सोमवार दोपहर जेल रोड पर घटना की सूचना मिलते ही गश्त कर रही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टीम ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। जांच के दौरान उसके पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ। हिरासत के बाद उससे पूछताछ की गई। विदित रहे कि सोमवार को जेल रोड स्थित प्याऊ पर पानी पिलाने वाली 70 वर्षीय महिला झमरी देवी से दिनदहाड़े उसके सोने का मांदलिया लूटने का प्रयास हुआ था। महिला लघुशंका के लिए पास के खाली प्लॉट में गई थी। तभी एक युवक ने उसके गले में पहने सोने के मांदलिये पर झपट्टा मारा।