भास्कर संवाददाता | चूरू जिले में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर बुधवार को पूरी तरह समाप्त हो गया। इसके चलते कहीं भी बारिश या बूंदाबांदी दर्ज नहीं की गई। पिछले तीन-चार दिनों में जिले के अधिकांश क्षेत्रों में हुई बारिश से लोगों ने गर्मी से भी राहत महसूस की। मगर अब आगामी सप्ताह में गर्मी का असर फिर तेज होगा। इस दौरान हीटवेव की भी संभावना है। मंगलवार को सुबह से दोपहर तक जिलेभर में मौसम साफ रहा व धूप खिली रही। दोपहर में धूप का असर तेज रहा। बाद में शाम तक हल्के बादलों के बीच धूप-छांव का मौसम बना रहा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 3.4 डिग्री की गिरावट के साथ 34.4 व न्यूनतम तापमान 1.0 डिग्री की गिरावट के साथ 20.0 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पूर्व सोमवार को अधिकतम तापमान 37.8 व न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री दर्ज किया गया। इस सप्ताह तेज होगी गर्मी : जयपुर मौसम केन्द्र निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि चूरू सहित आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर हुआ। अगले तीन-चार दिन राज्य के अधिकांश भागों में आंधी बारिश की गतिविधियों में कमी होने की संभावना है। अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री की बढ़ोतरी होने व सीमावर्ती क्षेत्रों में नौ मई से एक नया हीटवेव का दौर शुरू होने की संभावना है। आठ से 11 मई के दौरान जोधपुर, बीकानेर संभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 45-46 डिग्री दर्ज होने की संभावना है।