बारां | जिले में बारिश का दौर थमने के बाद दिन के समय गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। दिनभर धूप में तेजी रहने के साथ ही तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। साथ ही दिन के समय गर्म हवा का असर भी बढ़ गया है। वहीं मौसम साफ होने के बाद रात के तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। इसके कारण पिछले 2 दिनों के दौरान रात का पारा 7 डिग्री तक गिर गया है। अप्रैल के दूसरे सप्ताह में भी रात के तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नही हो रहा है। इसके कारण रात में गर्मी का असर भी कम हो गया है। शुक्रवार को गुरुवार के मुकाबले रात के तापमान में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अब आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने के साथ ही गर्मी बढ़ने के आसार है।