भास्कर संवाददाता | चूरू सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत मंगलवार को गांव सहनाली छोटी में ग्राम रथ अभियान के तहत हुए कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर सुझाव लिए तथा योजनाओं की जानकारी दी। प्रभारी मंत्री गहलोत ने कहा कि प्रदेश सरकार सामाजिक न्याय व वंचित वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा में लाकर विकसित समाज व विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार कर रही है। ग्राम रथ अभियान के माध्यम से योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंच रही है, जिससे पात्र लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 74 लाख नए व्यक्तियों को योजना से जोड़ा गया है। मंगला पशु बीमा योजना के तहत प्रदेश में 42 लाख से अधिक पशुओं का बीमा किया गया है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत लाभार्थियों को 1450 रुपए पेंशन राशि और छात्रावास में रहने वाले छात्रों को 3250 रुपए प्रतिमाह सहायता राशि प्रदान की जा रही है। विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि ग्राम रथ अभियान के माध्यम से सरकार की 13 विभागों की विभिन्न योजनाओं की जानकारी किसान, महिला, युवा, मजदूर तक पहुंच रही है। कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने जिले में विभागीय योजनाओं की क्रियान्विति व गतिविधियों की जानकारी दी। इस मौके पर राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार नायक, एसपी निश्चय प्रसाद एम, सीईओ श्वेता कोचर, भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा, एसडीएम सुनील कुमार, एसीईओ भागचंद खारिया, विकास अधिकारी कैलाश पचारिया, दीनदयाल सैनी आदि उपस्थित थे। संचालन कुलदीप शर्मा ने किया।