कोर्ट परिसर की नई बिल्डिंग के निर्माणाधीन दो मंजिला भवन की दीवार ढहने का मामला अब हाईकोर्ट में पहुंच गया है। बार एसोसिएशन ने शुक्रवार को हाईकोर्ट में एक याचिका दाखिल की है। इसमें घटिया सामग्री, निर्माण की गुणवत्ता और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। यह याचिका बार एसोसिएशन की रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर की गई है। बार अध्यक्ष जितेंद्र जैन ने बताया कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा और कोर्ट परिसर में गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने की दिशा में याचिका दायर की गई। बार एसोसिएशन इस मामले में निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार व्यक्तियों की जवाबदेही तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रतिबद्ध है। बता दें, गत 14 सितंबर को दोपहर में तेज बारिश के दौरान कोर्ट परिसर में नई बिल्डिंग की निर्माणाधीन दो मंजिला भवन की दीवार ढह गई थी। हादसे में दो अधिवक्ताओं को मामूली चोटें आईं। अधिवक्ताओं के टेबल-कुर्सी और दो बाइकें क्षतिग्रस्त हुई थीं।