टोंक | छान गांव के सीएचसी में डॉक्टरों की कमी से मरीज परेशान हो रहे है। इसके साथ ही बंद पड़ी एक्सरे मशीन को शुरू कराने व चिकित्साकर्मियों के पद भरे जाने की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपा है। संघ के जिला मंत्री विनय सिंह ताखर ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थापित एक्स-रे मशीन लगभग एक साल से बंद पड़ी है। बताया जा रहा है कि मशीन का ऑपरेटिंग सिस्टम उपलब्ध नहीं होने के कारण वह उपयोग में नहीं लाई जा रही है। इसके साथ ही सीएचसी हाइवे पर संचालित होने से ट्रोमा सेंटर स्वीकृत कर उसे शुरू किए जाने की मांग की गई है। ज्ञापन में बताया कि हाइवे होने से दुर्घटना के घायलों को तत्काल केंद्र पर लाया जाता है, परंतु ट्रॉमा सेंटर के अभाव में समय पर उचित उपचार नहीं मिल पाने से कई लोगों की जान संकट आ जाती है। अस्पताल में डॉक्टरों की भी कमी है। यहां चिकित्सकों के कुल 6 पद स्वीकृत हैं, किंतु वर्तमान में केवल 3 चिकित्सक ही कार्यरत हैं। शेष 3 पद रिक्त होने से मरीजों को समुचित उपचार नहीं मिल पा रहा है।