जिले में पंचायतीराज चुनाव में सोमवार को तीसरे चरण की अधिसूचना जारी होगी। इसके साथ जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके लिए उम्मीदवारों को 23 अक्टूबर तक का समय मिलेगा। नामांकन पत्र 19 से 23 अक्टूबर तक सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक लिए जाएंगे। सार्वजनिक अवकाश के दिन नामांकन प्रक्रिया नहीं होगी। 24 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 26 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके तुरंत बाद चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इस चरण में 6 पंचायत समितियों की 147 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। इनमें नाहरगढ़, किशनगंज, केलवाड़ा, शाहाबाद, मांगरोल और अंता पंचायत समिति क्षेत्र शामिल हैं। जिले में कुल 280 ग्राम पंचायतें हैं। शेष 133 ग्राम पंचायतें चौथे चरण में आएंगी।