गुजरात में सोमनाथ मंदिर पर हुए पहले आक्रमण (1026 ई.) के 1000 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत देवस्थान विभाग की ओर से सोमनाथ स्वाभिमान जागृत यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना में चयनित को भेजा जाएगा। यह यात्रा अगले माह के आखिर में प्रस्तावित है। सहायक आयुक्त मुकेश मीणा ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना में चयनित श्रद्धालु, जो किसी यात्रा में अभी तक नहीं जा पाए हैं, उनसे मैन टू मैन इस यात्रा में शामिल होने की मंजूरी ली जा रही है। सोमनाथ स्वाभिमान जागृत यात्रा के लिए विशेष ट्रेन का संचालन जयपुर से होगा। उल्लेखनीय सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक कार्यक्रम हो रहे हैं। इसके जरिए संदेश दिया जा रहा है कि 1000 साल बाद भी सोमनाथ अडिग है, यह भारत की आस्था और साहस का प्रतीक है। ज्ञात रहे कि वर्ष 1026 में महमूद गजनवी ने सोमनाथ मंदिर पर हमला किया था। इसके बाद भी कई बार हमले हुए, लेकिन हर बार मंदिर का पुनर्निर्माण हुआ और यह आज भी खड़ा है। वर्तमान मंदिर का पुनर्निर्माण 1951 में हुआ था, इसलिए 2026 में पुनर्निर्माण के 75 वर्ष भी पूरे हुए हैं। यह भारतीय आस्था, पुनर्निर्माण और सांस्कृतिक शक्ति का प्रतीक बनकर सामने आया। सोमनाथ को “अटूट विश्वास और स्वाभिमान” की पहचान के रूप में फिर से राष्ट्रीय चर्चा में लाया गया।