जिले में सोमवार को मौसम के दो रंग देखने को मिले। दिन में भीषण गर्मी के बीच अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रात करीब 9:15 बजे आंधी के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई, जिसके बाद तापमान गिरकर रात 10.40 बजे 33 डिग्री तक पहुंच गया। पिछले दिनों से लगातार सूरज की आग उगलती तपिश का असर आमजन के साथ-साथ खेतों में खड़ी सब्जी की फसलों पर भी साफ नजर आ रहा है। भरतपुर-रूपवास हाईवे पर खानवा के पास एक खेत में तेज गर्मी के कारण टमाटर की फसल झुलस गई। दोपहर में चल रही तेज लू ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रखा है।