हनुमानगढ़ जिले में टिब्बी थाना पुलिस ने एक मंदिर में चांदी के छत्र और नकदी चोरी के मामले का खुलासा करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान कमरानी निवासी अब्दुल खालिक उर्फ लाला, नूरनबी और अर्जुन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 2 जुलाई को 4 केएसपी निवासी रमण पूनियां ने टिब्बी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी ने बताया था कि 1 जुलाई की रात चक 4 केएसपी स्थित इच्छापूर्ण बालाजी मंदिर में चोरी हुई थी। चोरों ने मंदिर से चांदी के कई छोटे-बड़े छत्र और नकदी चुरा ली थी। मामले की जांच के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास सूचना तंत्र सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। मुखबिरों की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों पर पहले भी मामले है दर्ज पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी है। आरोपी अब्दुल खालिक उर्फ लाला के खिलाफ पहले चोरी का एक मामला दर्ज है। नूरनबी पर चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े चार मामले दर्ज हैं, जबकि अर्जुन के खिलाफ चोरी, मारपीट, एससी-एसटी एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित छह मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि चोरी गए सामान की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा सके। पुलिस चोरी में प्रयुक्त तरीके और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।