तिजारा के अहिंसा सर्किल पर गुरुवार शाम तेज रफ्तार टेंपो ने 11 साल के स्कूली छात्र को टक्कर मार दी। बच्चे के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। जिसे तिजारा से अलवर रेफर कर दिया। छात्र पतंग उड़ा कर घर की तरफ लौट रहा था। रोड क्रॉस करते समय टैंपों ने टक्कर दी है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, 11 वर्षीय शिवम पुत्र दीपक अहिंसा सर्किल के पास पतंग उड़ा रहा था। शाम को जब वह पतंग उड़ाकर अपने घर लौट रहा था, तभी सामने से आए एक तेज रफ्तार टेंपो ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि शिवम हवा में उछलकर सड़क से दूर जाकर गिरा, जिसे गंभीर चोटें आई हैं। लोगों ने पहुंचाया अस्पताल, ट्रैफिक दुरुस्त करने की मांग टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत हादसे की सूचना बच्चे के परिजनों को दी और जख्मी हालत में शिवम को तिजारा के स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। लोगों का कहना है कि अहिंसा सर्किल पर आए दिन तेज रफ्तार वाहन से एक्सीडेंट होते हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सर्किल पर वाहनों की रफ्तार से होने वाले एक्सीडेंट को रोकने के लिए प्रशासन को सही कदम उठाने की जरूरत है।