सआदत अस्पताल के सामने गुरुवार को एक युवक ने ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगा ली। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां समय रहते उपचार मिलने से वह अधिक झुलसने से बच गया। फिलहाल युवक अस्पताल में भर्ती है। कोतवाली थानाधिकारी बीएल वैष्णव ने बताया कि आत्महत्या का प्रयास करने वाला 35 वर्षीय असलम बहीर की बीड़ी कॉलोनी का निवासी है। उसके बयान लिए हैं। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार असलम ऑटो चलाता है और नशे का आदी है। गुरुवार को उसकी पत्नी मजदूरी करके घर के लिए आटा लेकर आई थी। आरोप है कि असलम ने आटे का कट्टा बेच दिया और शराब पी ली। इस बात को लेकर पत्नी ने उसे उलाहना दिया, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद असलम घर से निकल गया और सआदत अस्पताल के बाहर पहुंचकर हंगामा करने लगा। इसी दौरान उसने ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगा ली। वहां मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।