टोंक में बिजली और पेयजल संकट को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे बाद कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर टीना डाबी से मुलाकात की और 10 सूत्री मांगों का ज्ञापन दिया। कार्यकर्ता बोले-हमारे जिले में बीसलपुर बांध है, इसके बावजूद टोंक शहर में दो दिन में एक बार पानी मिल रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सऊद सईदी ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा- कलेक्टर टीना डाबी ने समस्याओं को गंभीरता से लिया। जल्द बिजली कटौती, पेयजल किल्लत और अन्य समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। पूर्व विधायक कमल लोदी ने कहा- समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करेंगे। ज्ञापन में इन मांगों का जिक्र पूर्व प्रदेश सचिव कुलदीप सिंह राजावत ने बताया- मालपुरा का राजकीय कॉलेज भवन जर्जर है। उसकी मरम्मत कराई जाए। निवाई क्षेत्र में रेलवे ओवर ब्रीज की चौड़ाई कम कर दी गई है। आए दिन इस पर जाम लगते हैं। इसके निर्माण की जांच कराई जाए।