खलिहान में काटकर रखी ज्वार-बाजरे की फसल में अचानक आग लग गई। किसान परिवार कुछ समझ पाता इससे पहले ऊंची लपटें उठने लगीं। खलिहान में 15 ट्रॉली ज्वार-बाजरा था। घटना टोंक जिले की दूनी तहसील क्षेत्र के धारोला गांव में मंगलवार दोपहर हुई। लपटें देख मौके पर किसान परिवार और आस-पास के गांवों से लोग आ गए। ग्रामीणों ने कुएं की मोटर चलाकर 2 घंटे में आग पर काबू पाया लेकिन तब तक फसल का अधिकांश हिस्सा खाक हो चुका था। ग्रामीणों को शक है कि पास से गुजर रही बिजली की लाइन में शॉर्ट सर्किट से फसल में आग लगी। किसान को करीब 2 लाख का नुकसान पीड़ित किसान जगदीश पुत्र लक्ष्मीनारायण चौधरी के भतीजे दयाशंकर ने बताया- ज्वार और बाजरे की फसल काटकर खलिहान में इकट्‌ठी कर रखी थी। दोपहर करीब 3 बजे अचानक फसल से धुआं उठने लगा। लपटें उठती देख चाचा जगदीश और गांव वाले खेतों की ओर दौड़े। ट्यूबवेल चालू कर पानी की बौछारें शुरू की। करीब दो घंटे बाद आग बुझी। करीब 2 लाख रुपए की फसल तबाह हो गई। आग आसपास न फैले इसके लिए गांव वालों ने काफी मशक्कत कर आग को बुझाया। किसान परिवार सदमे में सालभर की मेहनत के बाद तैयार हुई फसल के त्योहार से ठीक पहले जलने से किसान परिवार गहरे सदमे और चिंता में हैं। पीड़ित किसान ने प्रशासन से इस आकस्मिक नुकसान का जायजा लेने और उचित मुआवजा देने की मांग की है। ताकि संकट की इस घड़ी में कुछ राहत मिले।