टोंक के जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में शनिवार को एक बैठक कर पंचायतीराज चुनाव में दावेदारों के नाम पर चर्चा की गई। इस दौरान 52 पदाधिकारियों ने टिकट की डिमांड की। राजीव गांधी पंचायतीराज संगठन (जिला टोंक) की बैठक में संगठन प्रदेश महासचिव केशव तिवारी मुख्य अतिथि रहे। संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. नरेश मीणा ने अध्यक्षता की। बैठक में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव को लेकर विचार-विमर्श कर चुनावी रणनीति तैयार की गई। इसमें जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। संगठन के 52 पदाधिकारियों ने जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए टिकट की मांग रखी। सक्षम उम्मीदवार बनाने की मांग पदाधिकारियों ने पार्टी नेतृत्व से स्थानीय स्तर पर सक्रिय, जिताऊ और समर्पित कार्यकर्ताओं को उम्मीदवार बनाने की मांग की। हर पंचायत समिति और वार्ड में प्रभारियों की नियुक्ति करने पर जोर दिया। सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश महासचिव केशव तिवारी ने कहा- चुनाव में सफलता हासिल करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ जुटना होगा। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की आवश्यकता है। संगठन जिलाध्यक्ष डॉ. नरेश मीणा ने कहा- जिन पदाधिकारियों ने पार्टी टिकट की मांग की है, उनके क्षेत्रों में सर्वे करवाकर प्रदेश औकर जिला नेतृत्व के सामने पैरवी करेंगे। राजीव गांधी पंचायतीराज संगठन पिछले दो साल से महात्मा गांधी के सर्वोदय और स्वराज पर पर आधारित विचारधारा को मजबूत करने का काम कर रहा है। चुनाव में पार्टी की जीत के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। बैठक में प्रदेश सचिव राजाराम बेनीवाल, जिला उपाध्यक्ष मामदीन खां, तुलसीराम जाट, लियाकत अली, धर्मेंद्र दानी, शंकर गौतम, उदयलाल चोपड़ा, कैप्टन धन्नालाल जाट, टोंक ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश सांसी, निवाई ब्लॉक अध्यक्ष नितेश मीणा, टोंक शहर अध्यक्ष हरिराम गुर्जर, देवली ब्लॉक अध्यक्ष भरतराज मीणा सहित महेंद्र बैरवा, शेष नारायण मीणा, आत्माराम गुर्जर, रविन्द्र सिंह, ललित सोयल, घासी मीणा, किशन सैन, मन्नालाल गुर्जर, शंकर बैरवा, मुकेश सांसी, दयाराम मीणा एवं कन्हैयालाल गुर्जर ने भी विचार व्यक्त किए।