टोंक जिले में पंचायती राज चुनाव के प्रचार के दौरान ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर को ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। मंगलवार रात नासिरदा में आयोजित भाजपा की नुक्कड़ सभा में सड़क की समस्या को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भाजपा कार्यकर्ताओं और युवाओं ने मंत्री से दो टूक कहा कि सड़क नहीं बनी तो भाजपा को एक भी वोट नहीं मिलेगा। विरोध बढ़ने पर मंत्री और अन्य भाजपा नेताओं ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। बघेरा-हिसामपुर सड़क सहित तीन मार्गों का मुद्दा उठा दरअसल, टोंक जिले में पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण के लिए प्रचार चल रहा है। इसी सिलसिले में जिला परिषद सदस्य वार्ड संख्या 9 के भाजपा प्रत्याशी हंसराज धाकड़ के समर्थन में मंगलवार रात नासिरदा के मानक चौक पर जनसभा आयोजित की गई थी। इसमें ऊर्जा मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर, विधायक राजेंद्र गुर्जर सहित कई भाजपा नेता मौजूद थे। सभा के दौरान ग्रामीणों और युवाओं ने बघेरा से हिसामपुर सड़क, श्मशान घाट मार्ग और निर्माणाधीन अटल सेवा पथ के चौड़ीकरण का मुद्दा उठाया। लोगों ने कहा कि लंबे समय से इन समस्याओं के समाधान की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा- चुनाव के दौरान आश्वासन तो दिए जाते हैं, लेकिन बाद में समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता। युवाओं ने चेतावनी दी कि सड़क का निर्माण नहीं हुआ तो वे भाजपा को वोट नहीं देंगे। मंत्री बोले- आगामी बजट में सड़क की स्वीकृति दिलाने का प्रयास सभा में विरोध बढ़ने पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने ग्रामीणों की बातें सुनीं। उन्होंने बघेरा से हिसामपुर सड़क के लिए आगामी बजट में राशि स्वीकृत करवाकर निर्माण कराने का आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा- सड़क निर्माण के लिए बजट स्वीकृत करवाने का प्रयास किया जाएगा। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समस्याओं का समाधान चाहिए। इस दौरान सभा का माहौल कुछ देर के लिए गर्मा गया। 132 केवी सब स्टेशन की स्वीकृति का किया दावा ग्रामीणों की नाराजगी के बीच ऊर्जा मंत्री ने क्षेत्र में बिजली की समस्या का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पहले क्षेत्र में 132 केवी सब स्टेशन ग्रिड स्थापित करवाने का वादा किया था। अब इसकी स्वीकृति लेकर आए हैं और जल्द निर्माण कार्य पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा। मंत्री के अनुसार, सब स्टेशन बनने से क्षेत्र के लोगों को बिजली संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बिजली व्यवस्था में सुधार और किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ने हाथ जोड़कर युवाओं को कराया शांत सभा के दौरान युवाओं ने अपनी समस्याएं रखने और उनके समाधान की मांग की। विरोध बढ़ने पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र पराणा ने हाथ जोड़कर युवाओं से शांत रहने की अपील की। काफी समझाइश के बाद माहौल शांत हुआ। सभा में पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र पराणा, विधायक राजेंद्र गुर्जर और जिला परिषद वार्ड संख्या 9 के भाजपा प्रत्याशी हंसराज धाकड़ सहित अन्य नेता मौजूद रहे। इनपुट: महेंद्र धाकड़, नासिरदा।