एम.असलम | टोंक नशा मुक्त भारत अभियान के तहत सोमवार और मंगलवार को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में टोंक पुलिस की स्पेशल टीमों ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के मामलों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 11 मामले दर्ज किए गए। 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुराने एनडीपीएस मामलों में वांछित पांच आरोपियों को भी पकड़ा गया। एसपी रोशन मीणा के अनुसार, कार्रवाई में 56 किलो 681 ग्राम गांजा, गांजे के पौधे, 1 किलो 566 ग्राम डोडा चूरा और 7 ग्राम 320 मिलीग्राम स्मैक जब्त की गई। जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 11 लाख 63 हजार 910 रुपए बताई गई। पुलिस ने 1 लाख 41 हजार 15 रुपए नकद और तस्करी में इस्तेमाल एक मोटरसाइकिल भी जब्त की। घाड़ थाना क्षेत्र में धुवांकलां स्थित गंगेश्वर महादेव मंदिर परिसर से 35 किलो 800 ग्राम गांजे के हरे पौधे बरामद किए गए। इस मामले में भीमशंकर योगी को गिरफ्तार किया गया। देवली में निजी स्कूल के पास से हरिओम के कब्जे से 1.49 ग्राम स्मैक जब्त की गई। पुरानी टोंक थाना क्षेत्र के छावनी इलाके में करीना देवी के पास से 443 ग्राम गांजा, 34,160 रुपए और एक मोबाइल फोन बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया। बरौनी थाना क्षेत्र के जामडोली में 1 किलो 760 ग्राम गांजा और 24,300 रुपए नकद के साथ एक आरोपी को पकड़ा गया। सदर थाना क्षेत्र में डाइट रोड, तन वजीरपुरा से 25 ग्राम गांजा और देसी मदिरा के 20 पव्वे जब्त कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। बिचपुड़ी गांव के पास खेतों से गांजे के 30 पौधे भी बरामद किए गए। लांबाहरिसिंह थाना क्षेत्र में मोरला रोड के पास महेंद्र नाथ को 1 किलो 566 ग्राम डोडा चूरा के साथ गिरफ्तार किया गया। दूनी में माहेश्वरी मेडिकल स्टोर पर दबिश के दौरान अरविंद कुमार झंवर के पास से ट्रामाडोल के चार इंजेक्शन और अल्प्राजोलम की 71 गोलियां जब्त की गईं। पुलिस ने 66,150 रुपए भी बरामद किए।