टोंक जिले में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन आसमान में हल्के बादल छाए हुए हैं। दो दिन पहले हुई बारिश और सुबह से बादल रहने के कारण लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। वहीं, मौसम विभाग के यलो अलर्ट ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसानों का कहना है कि बारिश से रबी की बुवाई कर चुके लोगों को नुकसान हो सकता है, जबकि बुवाई की तैयारी कर रहे किसानों को फायदा मिल सकता है। ​7 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी येलो अलर्ट के अनुसार, टोंक समेत 7 जिलों में आज हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। टोंक जिले के कुछ हिस्सों में बादलों के बीच अचानक मौसम बदल सकता है और बारिश हो सकती है। मंगलवार सुबह आसमान में हल्के बादल छाए रहने से सूरज भी ठीक से दिखाई नहीं दे रहा है। जिले के ग्रामीण और शहरी इलाकों में तीसरे दिन भी बादलों का असर बना हुआ है। रबी की बुवाई कर चुके किसानों को नुकसान का डर लगातार तीन दिन से बादल छाए रहने और बारिश की संभावना ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कई किसान रबी की फसलों की बुवाई कर चुके हैं। ऐसे में तेज बारिश होने और खेतों में पानी भरने से फसल खराब होने की आशंका है। किसानों का कहना है कि खेतों में कटी पड़ी खरीफ की फसलें भी बारिश से खराब हो सकती हैं। इसी वजह से कई किसान बारिश होने पर नुकसान की आशंका ज्यादा जता रहे हैं। बुवाई की तैयारी कर रहे किसानों को फायदा बारिश का असर सभी किसानों पर एक जैसा नहीं होगा। जो किसान रबी की फसल की बुवाई की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें बारिश से फायदा मिल सकता है। वहीं, जिन किसानों ने पहले ही बुवाई कर दी है या जिनके खेतों में खरीफ की फसल कटी पड़ी है, उन्हें नुकसान की चिंता सता रही है। ​