भास्कर न्यूज | नागौर शहर में साइबर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाशों ने गूगल पे के जरिए एक व्यक्ति के बैंक खाते से किस्तों में कुल 1 लाख 80 हजार रुपए पार कर दिए। पीड़ित को ठगी का पता तब चला जब उसने कई दिनों बाद अपने मोबाइल में बैंक के मैसेज देखे। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस थाने में धारा 318(4) बीएनएस 2023 और 66सी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कोतवाली पुलिस के अनुसार, शहर के मोती बिल्डिंग (अस्पताल रोड) निवासी श्याम सुंदर (45) पुत्र कृष्ण जोशी ने रिपोर्ट दी है कि वह नागौर स्थित शर्मा ट्रेवल्स में काम करता है। पीड़ित का इंडसइंड बैंक की नागौर शाखा में खाता है, जो उसके गूगल पे नंबर से जुड़ा है। पीड़ित ने बताया कि उसका एंड्रॉयड मोबाइल हमेशा उसी के पास रहता था। इसके बावजूद बदमाशों ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए खाते से रुपए निकाल लिए। 27 अगस्त से काटी गई रकम अज्ञात व्यक्ति ने 27 अगस्त से 15 अक्टूबर के बीच 10 अलग-अलग तारीखों में गूगल पे के जरिए 10 हजार से लेकर 30 हजार रुपए तक की राशि निकाली। श्याम सुंदर ने 16 अक्टूबर को टेक्स्ट मैसेज चेक किए, तब पता चला। खाते से 1,80,000 रुपए कट चुके थे। शिकायत पर सेंट्रल साइबर पुलिस स्टेशन से ई-जीरो एफआईआर के आधार पर कोतवाली नागौर में मामला कायम कर अज्ञात की तलाश शुरू की।