उदयपुर से जयपुर जाने के लिए अब रोजाना एक स्थायी और तेज ट्रेन का विकल्प मिल गया है। रेलवे ने उदयपुर-जयपुर के बीच अभी तक चल रही स्पेशल ट्रेन को ‘नियमित सुपरफास्ट एक्सप्रेस’ का दर्जा देकर इसे स्थायी रूप से प्रतिदिन चलाने का फैसला किया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए गाड़ी संख्या 09721/09722 (जयपुर-उदयपुर सिटी-जयपुर स्पेशल) को अब नियमित सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में चलाया जाएगा। अब यह ट्रेन नए नंबर (20993/20994) के साथ 15 अप्रैल से दौड़ेगी। इस ट्रेन में 15 डिब्बे होंगे। इनमें 2 थर्ड एसी, 2 वातानुकूलित कुर्सीयान, 3 शयनयान श्रेणी, 6 साधारण श्रेणी, 1 पॉवरकार और 1 गार्ड डिब्बा शामिल होगा। यह रहेगा नया शेड्यूल जयपुर से उदयपुर - 15 अप्रैल से सुबह 6:10 पर जयपुर से रवाना होगी और 7 घंटे 20 मिनट में दोपहर 13:30 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। उदयपुर से जयपुर - यह ट्रेन प्रतिदिन दोपहर 15:05 बजे उदयपुर सिटी से रवाना होगी और रात 22:25 बजे जयपुर पहुंचेगी। इन स्टेशनों पर होगा ठहराव - मार्ग में यह ट्रेन दोनों दिशाओं में कनकपुरा, फुलेरा, किशनगढ़, अजमेर, नसीराबाद, बिजयनगर, भीलवाड़ा, चंदेरिया, कपासन, मावली और राणाप्रतापनगर स्टेशनों पर ठहराव करेगी।