भारतीय किसान संघ ने जल संसाधन विभाग के अधिशासी अभियंता महेंद्र कुमार मीणा को अधीक्षण अभियंता के नाम एक ज्ञापन सौंपा है। इस ज्ञापन में तुलसा लिफ्ट सिंचाई परियोजना की नहर में तुरंत पानी छोड़ने की मांग की गई है, ताकि धान और अन्य सूखती फसलों को बचाया जा सके। जिला प्रचार प्रमुख बृजमोहन मेहता ने बताया कि किसानों की पानी की समस्या को लेकर प्रांत अध्यक्ष शंकर लाल नागर और जिला उपाध्यक्ष बंसीलाल नागर के नेतृत्व में यह ज्ञापन अधिशासी अभियंता मीणा को दिया गया। किसान संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि तुलसा लिफ्ट सिंचाई परियोजना से दो दर्जन से अधिक गांवों के किसानों को सिंचाई सुविधा मिलती है। किसानों ने फसल की बुवाई कर दी थी, लेकिन मानसून की बेरुखी के कारण धान और अन्य फसलें सूखने लगी हैं। किसानों को पानी की आवश्यकता है। संघ ने बताया कि पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध है और वह ओवरफ्लो होकर व्यर्थ बह रहा है, इसलिए किसानों की मांग है कि तुलसा लिफ्ट नहर में पानी छोड़कर धान की फसल को सूखने से बचाया जाए और व्यर्थ बहते पानी का सदुपयोग हो सके। इस संबंध में अधिशासी अभियंता मीणा से किसानों की विस्तृत चर्चा हुई। एक्सईएन मीणा ने आश्वासन दिया कि तुलसा लिफ्ट सिंचाई परियोजना की मोटर और स्टार्टर आदि की जांच कर उन्हें दुरुस्त कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल वितरण समिति के अध्यक्ष और सदस्यों के साथ 14 जुलाई को बैठक की जाएगी। मीणा ने आगे कहा कि नहर पर देखरेख के लिए 4-5 गार्ड की व्यवस्था और उसके बजट के संबंध में अधीक्षण अभियंता से चर्चा की जाएगी। उनका प्रयास रहेगा कि तुलसा लिफ्ट नहर में शीघ्र पानी छोड़कर किसानों को राहत दी जा सके। ज्ञापन सौंपते समय डाबरी नक्की निवासी किसान हेमराज नागर, 6 नंबर माइनर अध्यक्ष ग्राम समिति अध्यक्ष शाकिर मोहम्मद चहेड़िया, धनराज पारेता, कौशल पारेता मिर्जापुर, मेघराज मीणा और दिनेश शर्मा बैगना सहित कई किसान मौजूद रहे।