उदयपुर में बाइक सवार युवक की हादसे में मौत हो गई। हादसा झाड़ोल थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 58-ई पर उंडावेला गांव के पास गुरुवार शाम 5 बजे हुआ। बाघपुरा के माण​स निवासी युवक प्रकाश भूदरा की गुरुवार सुबह सगाई हुई थी। वह अपने दोस्तों को बाइक पर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान अनियंत्रित बाइक दीवार से जा टकराई। प्रकाश की मौत की खबर लगने के बाद घर में मातम पसर गया। जानकारी के अनुसार- प्रकाश सगाई कार्यक्रम होने के बाद शाम को दोस्तों को झाड़ोल में बाइक से छोड़ने के लिए गया था। वापस आते समय उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और पास ही दीवार से जा टकराई। इससे उसके सिर और छाती पर गंभीर चोट लगी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हाईवे पर दोपहर में भी हुआ था हादसा झाड़ोल-उदयपुर नेशनल हाईवे 58-ई पर उंडावेला गांव के पास गुरुवार दोपहर को दूसरा हादसा भी हुआ था। इसमें अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर घायल हो गया। जबकि दो अन्य युवकों को मामूली चोट लगी। राहगीरों की मदद से सभी को एंबुलेंस से झाड़ोल हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां से गंभीर घायल केशुलाल निवासी नैनबारा को उदयपुर रेफर कर दिया गया। तीनों युवक बाघपुरा से बाइक पर निकले थे और काड़ा गांव में वैवाहिक समारोह में हिस्सा लेने जा रहे थे। तभी ये हादसा हो गया। अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, 4 घायल बाघपुरा थाना क्षेत्र के बारी गांव में देर शाम अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार 4 जने घायल हो गए। इनमें 2 नाबालिग बच्चे हैं। बाइक चला रहे युवक अडोल निवासी भगवतीलाल के परिवार में शादी का प्रोग्राम था। वह अपनी भूआ ककुडी, ककुडी की बेटी लीला और ककुड़ी के 5 वर्षीय पोता को पई गांव बाइक से छोड़ने जा रहा था। तभी ये हादसा हो गया। इनपुट: दुष्यंत पूर्बिया, झाड़ोल