उदयपुर के महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पर नए टर्मिनल के सितंबर तक तैयार होने की संभावना है। करीब 350 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो रहा नया टर्मिनल राजस्थान के आधुनिक और विशाल एयरपोर्ट टर्मिनल में शामिल होगा। लगभग 52 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित इस टर्मिनल की सालभर की यात्री क्षमता लगभग 45 लाख यात्रियों की होगी, जो वर्तमान क्षमता से कई गुना अधिक है। नए एयरपोर्ट की डिजाइन मेवाड़ की सांस्कृतिक विरासत और स्थापत्य कला से प्रेरित है। इसमें महाराणा प्रताप, चित्तौड़गढ़ दुर्ग, एकलिंगजी, झीलों की नगरी और मेवाड़ की गौरवशाली परंपरा की झलक देखने को मिलेगी। बीजेपी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने सोमवार को इस निर्माणाधीन टर्मिनल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर उन्होंने कहा- एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन करने पीएम नरेंद्र मोदी आ सकते हैं। पहले देखें एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के PHOTOS ये होंगी सुविधाएं एयरपोर्ट के नए टर्मिनल में यात्रियों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक चेक-इन काउंटर, स्वचालित बैगेज हैंडलिंग सिस्टम, एयरोब्रिज, प्रतीक्षालय, आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था, फूड कोर्ट, रिटेल स्टोर, वीआईपी लाउंज, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की जा रही हैं। साथ ही भविष्य में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन को देखते हुए सभी आवश्यक तकनीकी और सुरक्षा मानकों को शामिल किया गया है। पहले रोज 5 फ्लाइट चलतीं, अब 25 फ्लाइट्स का संचालन सांसद सी.पी. जोशी ने कहा- साल 2014 से पहले उदयपुर एयरपोर्ट से प्रतिदिन 4 से 5 फ्लाट्स का संचालन होता था। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की नीतियों के कारण अब यहां प्रतिदिन 25 से ज्यादा फ्लाट्स संचालित हो रही हैं। पर्यटन क्षेत्र को होगा फायदा सांसद सी.पी. जोशी ने कहा- नया टर्मिनल शुरू होने के बाद उदयपुर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का मार्ग भी प्रशस्त होगा। इससे पर्यटन, उद्योग, व्यापार और निवेश को नई गति मिलेगी। जोशी ने कहा- मेवाड़ आज देश-दुनिया के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बना चुका है। जी-20 जैसी अंतरराष्ट्रीय बैठक की सफल मेजबानी ने भी उदयपुर की वैश्विक प्रतिष्ठा को मजबूत किया है। बेहतर हवाई संपर्क से विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ मिलेगा। निरीक्षण के दौरान भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, मावली के विधायक प्रत्याशी कृष्ण गोपाल पालीवाल, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।