कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि भारत ही एकमात्र ऐसा देश है, जहां हिंदू सुरक्षित रह सकता है। अगर यह देश भी नहीं रहा तो हमें किसी समुद्र में जाकर डूबना होगा या फिर ऊपर जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा- ‘वे खुद को हिंदू नहीं मानते, तो क्या वे हमारी पुरानी परंपराओं को बंद कर देंगे? ऐसे लोग जब भी गांव में आएं तो उनका मुंह काला करके गांव से बाहर निकाल देना। ये नेता तो आएंगे और चले जाएंगे। पार्टियां भी आएंगी और जाएंगी, लेकिन हमारी विरासत, हमारी संस्कृति और हमारे संस्कार हमेशा रहने चाहिए। हमारा सनातन धर्म रहना चाहिए।’ खराड़ी ने बिना किसी का नाम लेते हुए राजनीतिक विरोधियों पर हमला बोला। वे पंचायतीराज चुनाव के माहौल के बीच तीन दिन पहले ओगणा में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। खराड़ी ने कहा कि अभी नवरात्रि गई है। इस दौरान हम सबने देवी माता की पूजा और उपासना की है। लोग सभी देवरो (मंदिरों) में गए होंगे और घर नहीं जाकर वहीं जमीन पर सोए होंगे। यह सब आदिवासी समाज की विरासत है, जो हमारे पूर्वजों ने हमें दी है। हम अपने पूर्वजों और माताजी की पूजा करते हैं, तो क्या ये लोग इसे बंद कर देंगे? आखिर ये लोग चाहते क्या हैं? खराड़ी ने कहा कि दुनिया में भारत ही एकमात्र ऐसा देश है, जहां हिंदू रह सकता है। अगर यह सनातन और देश भी नहीं रहा तो हमारे पास दो ही विकल्प बचेंगे। या तो किसी समुद्र में जाकर डूबना पड़ेगा या फिर ऊपर जाना होगा। खराड़ी ने लोगों से कहा कि यह अब आपको ही सोचना है और आपको ही तय करना है, क्योंकि वे लोग तो ऐसा ही करना चाहते हैं।