उदयपुर में बीजेपी के 2 दिग्गज नेताओं के बीच चल रही अंदरूनी जंग अब खाने की थाली और रुपए तक पहुंच गई है। मावली के पूर्व विधायक धर्मनारायण जोशी और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष मांगीलाल जोशी के बीच चल रही गुटबाजी अब विप्र समाज के कार्यक्रमों के बीच आ गई है। विवाद इतना बढ़ा कि मांगीलाल जोशी के बेटे रोहित जोशी ने विप्र फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र पालीवाल के खाते में 5111 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। यह रकम फाउंडेशन के कार्यक्रम में दो बार भोजन करने के बदले 'सप्रेम भेंट' के तौर पर भेजी गई है। बीजेपी के इन दोनों बड़े नेताओं के बीच की रार ने अब समाज के मंच को भी राजनीति का अखाड़ा बना दिया है। दरअसल, यह पूरा मामला पिछले कुछ दिनों से चल रहे पत्राचार और आरोपों से शुरू हुआ। पूर्व विधायक धर्मनारायण जोशी ने पत्र लिखकर पार्टी के भीतर कई सवाल उठाए थे। पूर्व विधायक ने लैटर लिखकर लगाए थे आरोप पूर्व विधायक धर्मनारायण जोशी ने मांगीलाल जोशी पर आरोप लगाया था कि वे विप्र फाउंडेशन के कार्यक्रम में केवल भोजन करके चले गए, लेकिन समाज के आयोजनों में कोई आर्थिक सहयोग नहीं दिया। इन आरोपों से आहत होकर जोशी परिवार ने अब डिजिटल पेमेंट के जरिए अपना विरोध जताया। विप्र समाज के कई लोग इस विवाद को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग समाज के कार्यक्रमों में खाने का रिफंड करने की बात कहते हुए स्क्रीनशॉट शेयर कर रहे हैं, तो कुछ इसे पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी का शर्मनाक बता रहे हैं। पिछले काफी समय से धर्मनारायण जोशी और मांगीलाल जोशी के बीच पत्राचार के जरिए आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। धर्मनारायण जोशी के पत्र में ब्राह्मण समाज के कार्यक्रमों में आर्थिक मदद नहीं करने का जिक्र होने के बाद अब मांगीलाल जोशी भी आक्रामक मूड में हैं। उनके बेटे रोहित की ओर से किए गए इस भुगतान ने जिले की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। पार्टी के कार्यकर्ता इस बढ़ती गुटबाजी को देखकर हैरान हैं, क्योंकि यह विवाद अब व्यक्तिगत आरोपों तक पहुंच चुका है।