उदयपुर में शनिवार को राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में विरोध रैली निकाली गई। रैली ओल्ड सिटी से शहर के जगदीश चौक से शुरू होकर घंटाघर, बड़ा बाजार, भड़भूजा घाटी, मंडी की नाल, धानमंडी, हनुमान चौक, तीज का चौक होते हुए दिल्ली गेट की तरफ बढ़ी। रैली के माध्यम से कांग्रेस ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की निष्पक्ष व संपूर्ण जांच कराने, पूरे प्रकरण का खुलासा करने और इसमें शामिल सभी दोषियों के नाम सार्वजनिक करने की मांग की। शहर जिला अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ के नेतृत्व में शहर में रैली निकाली। रैली के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के नाम सार्वजनिक कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। रैली को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश और केंद्र में भाजपा की सरकार होने और मंदिर प्रबंधन में भाजपा से जुड़े लोगों की भूमिका के बावजूद इस तरह की घटना होना करोड़ों हिंदुओं की आस्था पर आघात है। कोई कितना प्रभावशाली हो, नाम सामने लाया जाए राठौड़ ने कहा कि मामले में शामिल व्यक्ति चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसका नाम देश के सामने लाया जाए और उसे कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने राम मंदिर के प्रबंधन से भाजपा और आरएसएस के हस्तक्षेप को समाप्त कर मंदिर को उत्तर प्रदेश सरकार के संरक्षण में देने की मांग की। जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री दिनेश कुमार दवे ने बताया कि रैली में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सुरेश श्रीमाली, लोकसभा प्रत्याशी ताराचंद मीणा, पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया, प्रदेश महामंत्री गोपाल कृष्ण शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा, दिनेश श्रीमाली ने भी संबोधित किया। इस दौरान संगठन महामंत्री अरूण टांक, नजमा मेवाफरोश, ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह, शंकर चंदेल, सिद्धार्थ सोनी, मोहसिन खान, देवेंद्र माली, बंशीलाल गवारिया,अमित श्रीवास्तव, महिला कांग्रेस अध्यक्ष तारीका भानु प्रताप, सेवादल अध्यक्ष शैलेंद्र ओदीच्य, गौरव प्रताप सिंह, शिवशंकर मेनारिया सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। रैली में कार्यकर्ताओं की संख्या कम होने को लेकर चर्चा थी। असल में कांग्रेस पार्टी के शहर के वार्डों से और ओल्ड सिटी से बड़ी संख्या में भीड़ की उम्मीद थी लेकिन संख्या बल कम था। इस बात को लेकर पार्टी पदाधिकारियों में भी चर्चा थी लेकिन जो थे उन्होंने पूरा जोश दिखाकर चढ़ावा चोरी पर सवाल खड़े किए।