उदयपुर नगर निगम का दीपावली मेला बुधवार से शुरू होगा। नगर निगम परिसर में शाम 7:30 बजे मेले का उद्घाटन होगा। इससे पहले आज टाउनहॉल में रोशन की गई। नगर निगम के भवन पर सजावट की गई और रोशनी से भवन जगमग हो गया। उदयपुर के मेयर पारस सिंघवी ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस बार मेला 15 दिन तक चलेगा। सात दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जबकि दुकानें और झूले 11 नवंबर तक संचालित रहेंगे। सांस्कृतिक संध्याओं में भजन गायन, लोक संगीत, बॉलीवुड गायिकी, स्टैंडअप कॉमेडी और कवि सम्मेलन जैसे कार्यक्रम होंगे। आमजन के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा। मेला संयोजक प्रमोद सामर ने बताया कि मेले की शुरुआत 28 अक्टूबर को भजन गायिका अनामिका अंबर और छोटू सिंह रावणा की प्रस्तुतियों से होगी। नगर निगम ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच देने की व्यवस्था की गई है। दुकानें, झूले और व्यवस्थाएं नगर निगम कमिशनर अभिषेक खन्ना ने बताया कि मेले में खरीदारी और खानपान के लिए विभिन्न दुकानें आवंटित की गई। निगम के सामने स्थित मैदान में झूले और पीछे तथा दक्षिणी हिस्से में खानपान व अन्य उत्पादों की दुकानें रहेंगी। नगर निगम के अनुसार दुकानों से 1 करोड़ 1 लाख 11 हजार रुपये और झूलों से 85 लाख 11 हजार रुपये की आय हुई है। जनजाति मंत्री करेंगे उद्घाटन उद्घाटन समारोह में जनजाति क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा विभाग के मंत्री बाबूलाल खराड़ी मुख्य अतिथि होंगे। मेवाड़ महामंडलेश्वर रासबिहारी शरण का सानिध्य रहेगा। सांसद मन्नालाल रावत, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया और शहर विधायक ताराचंद जैनव ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। मेले पर सीसीटीवी से निगरानी मेले में सुरक्षा के लिए पुलिस, होमगार्ड और सुरक्षा गार्ड तैनात रहेंगे। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, सफाई, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है। यह समाचार भी पढ़े… स्कूटर पर पहुंचे मेयर से मांगा ज्यादा पार्किंग शुल्क:जगदीश चौक में पकड़ी पार्किंग ठेकेदार की मनमानी, बोले ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करेंगे उदयपुर में पर्यटकों से पार्किंग शुल्क के नाम पर मनमानी और अभद्र व्यवहार की शिकायतों पर महापौर पारस सिंघवी ने मंगलवार को खुद मोर्चा संभाला। (पूरी खबर पढ़े..)