उदयपुर के नगर निगम परिसर में इस बार दशहरा-दीपावली मेला 28 अक्टूबर से शुरू होकर 11 नवंबर तक चलेगा। नगर निगम की ओर से आयोजित होने वाले इस मेले को इस बार 10 दिन के बजाय पूरे 15 दिन तक लगेगा। 5 दिन अब एक्स्ट्रा शहर के लोगों को घूमने-फिरने और मनोरंजन के लिए ज्यादा समय मिलेगा। इस मेले में भजन, फोक बैंड, बॉलीवुड सिंगिंग, कॉमेडी और कवि सम्मेलन जैसे कई बड़े प्रोग्राम होंगे। इसके लिए मशहूर भजन गायक अनूप जलोटा, पंजाबी व बॉलीवुड सिंगर गुरु रंधावा, कॉमेडियन आशीष सोलंकी और कवि कुमार विश्वास जैसे बड़े कलाकारों के आने की संभावना है। नगर निगम ने इन सभी कार्यक्रमों के लिए टेंडर निकाले हैं, जिनके खुलने के बाद कलाकारों के नाम पूरी तरह से फाइनल हो जाएंगे। नगर निगम ने मेले की चार मुख्य रातों को खास बनाने के लिए इवेंट फर्मों के सामने अपनी पसंद के कलाकारों के नाम रखे हैं। इसी आधार पर पूरे कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है। मेले के पहले दिन यानी 28 अक्टूबर को भजन संध्या होगी, जिसके लिए अनूप जलोटा, कन्हैयालाल और अनामिका अंबर के नाम सुझाए गए हैं। इसके अगले दिन 29 अक्टूबर को फोक बैंड की प्रस्तुति होगी, जिसमें कबीर कैफे और 'रे परिया बालम' बैंड के नाम शामिल किए गए हैं। मेले के तीसरे दिन बॉलीवुड नाइट तीसरे दिन 30 अक्टूबर को बॉलीवुड नाइट का आयोजन रखा गया है। इस रात के लिए सिंगर पलक मुछाल, गुरु रंधावा, नीति मोहन, अमित कुमार और बेनी दयाल के नाम सामने रखे गए हैं। वहीं 31 अक्टूबर को शनिवार होने की वजह से कवि सम्मेलन कराने की योजना है, जिसमें कुमार विश्वास समेत देश के जाने-माने कवियों को बुलाया जाएगा। इसके बाद 1 नवंबर को कॉमेडी नाइट होगी, जिसमें लोगों को हंसाने के लिए आशीष सोलंकी और गौरव गुप्ता के नाम प्रस्तावित हैं। स्थानीय कलाकारों को भी मिलेगा मौका मेले में बड़े सितारों के साथ-साथ उदयपुर और आसपास के स्थानीय कलाकारों को भी अपना हुनर दिखाने का पूरा मौका मिलेगा। तय किए गए कार्यक्रम के मुताबिक, मेले के दो दिन पूरी तरह से स्थानीय प्रतिभाओं के नाम रहेंगे, ताकि शहर के कलाकारों को भी बड़ा मंच मिल सके। इन सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर नगर निगम करीब 80 लाख रुपए खर्च करने की तैयारी में है। हर बार की तरह इस बार भी सभी मुख्य कार्यक्रमों की जिम्मेदारी एक ही फर्म को देने की योजना बनाई गई है। दुकानों व झूलों की भी अलग व्यवस्था यही फर्म कलाकारों को सीधे मंच तक लाने के साथ-साथ उनके आने-जाने, रुकने और खाने-पीने का पूरा इंतजाम भी देखेगी। हालांकि, अभी इन कलाकारों का आना पूरी तरह तय नहीं माना जा सकता, क्योंकि टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने और अंतिम चयन के बाद ही स्थिति साफ होगी। मेले में लोगों की खरीदारी और मनोरंजन के लिए दुकानों व झूलों की भी अलग से व्यवस्था की गई है। दुकानें लगाने के लिए 38 हजार वर्गफीट के मुख्य ग्राउंड और 20 हजार वर्गफीट के साइड ग्राउंड का टेंडर निकाला गया है। वहीं झूलों के लिए पार्क में अलग से जगह रखी जाएगी। ग्राउंड और झूलों से जुड़े टेंडर 22 अक्टूबर को खुलेंगे, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का टेंडर 23 अक्टूबर को खोला जाएगा। टेंडर खुलने के साथ ही यह तय हो जाएगा कि इस बार मंच पर कौन-कौन से सितारे अपनी प्रस्तुति देंगे।