उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने शहर के पास अवैध पहाड़ी कटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। यूडीए की टीम ने अवैध रूप से पहाड़ी काटने के मामले में एक पोकलेन मशीन को सील कर दिया है और दो डंपर जब्त किए हैं। यूडीए कमिश्नर अभिषेक खन्ना ने बताया- राजस्व ग्राम सरेखुर्द की आराजी संख्या 2259, 2261 और 3994/2258 सहित अन्य खातों की रिकॉर्ड भूमि पर अवैध रूप से पहाड़ी काटकर समतलीकरण (प्लेन) किया जा रहा था। कैलाशपुरी से रामा जाने वाले रास्ते पर स्थित इस जमीन पर पहुंची यूडीए की टीम ने 2 डंपर और एक पोकलेन मशीन को अपनी कार्रवाई के दायरे में लिया। पोकलेन मशीन को मौके पर ही सील कर दिया गया, जबकि दोनों डंपरों को जब्त कर प्राधिकरण कार्यालय लाया गया है। यूडीए सचिव राजपाल सिंह ने बताया- जांच के दौरान मौके पर किसी भी प्रकार की स्वीकृत प्लानिंग या निर्माण कार्य की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद संबंधित तहसील को इस संबंध में सूचना दे दी गई है। साथ ही, अवैध खनन और पहाड़ी कटिंग को लेकर खनन (माइनिंग) विभाग को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा जा रहा है। बिना अनुमति किए गए निर्माण का नहीं होगा रेगुलराइजेश कमिश्नर अभिषेक खन्ना ने बताया- पिछले कुछ महीनों से अवैध पहाड़ी कटिंग और बिना अनुमति के होने वाले निर्माण कार्यों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आमजन से अपील की है कि वे प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति के पहाड़ी कटिंग या कोई भी निर्माण कार्य न करें। किसी भी निर्माण से पहले नियमानुसार स्वीकृति प्राप्त करना बेहद आवश्यक है, क्योंकि बिना अनुमति के किए गए निर्माण का बाद में नियमन (रेगुलराइजेशन) संभव नहीं होता है। कार्रवाई में यह टीम रही शामिल अवैध पहाड़ी कटिंग के खिलाफ यह कार्रवाई यूडीए तहसीलदार डॉ. अभिनव शर्मा के निर्देशन में की गई। इस दौरान मौके पर राजेंद्र सेन, बाबूलाल तेली, भू-अभिलेख शाखा के पटवारी दीपक जोशी तथा होमगार्ड जाब्ता मौजूद रहा, जिनकी मौजूदगी में पोकलेन मशीन को सील करने और डंपरों को जब्त करने की कार्रवाई को अंजाम दिया गया।