उदयपुर में एक महिला चोर ज्वेलरी शॉप से सोने की चेन चुराकर गायब हो गई। उसने चेन पसंद करने के बहाने असली चेन के बॉक्स में नकली चेन रख दी। कुछ देर बाद दुकान मालिक को वारदात का पता चला। शहर के बीच स्थित भुपालवाड़ी क्षेत्र में 17 अप्रैल की शाम करीब साढ़े चार बजे की है। जब शॉप मालिक को शक हुआ तो वह महिला के पीछे दौड़ा, लेकिन वह वहां से भागी और आगे एक स्कूटर पर सवार होकर गायब हो गई। दुकानदार ने बाइक से भी उसका पीछा किया लेकर उसका कोई पता नहीं चला। दुकानदार ने वारदात की रिपोर्ट धानमंडी थाने में दी है। पुलिस के अनुसार दुकानदार धीरज ने थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि भुपालवाड़ी में कंचन आभूषण नाम से उसकी ज्वेलरी की शॉप है। वहां पर एक महिला आई और उसने धीरज को सोने की चेन दिखाने को कहा। दुकानदार ने बताया कि उसने चेन दिखाना शुरू किया। इसी बीच एक अन्य ग्राहक आ गया तो वह उसे भी अटेंड करने लगा। इस बीच महिला ने मौका देखकर असली चेन वाले बॉक्स में नकली चेन रख दी और असली 10 ग्राम की चेन अपने पास रख ली। चेन देखने के बाद महिला ने दुकानदार से कहा कि वह उनके पति से पूछकर फिर खरीदेगी। हाथ लगाने पर पता चला-चेन पुरानी है धीरज ने बताया कि जैसे ही वह चेन सुरक्षित करने लगा तो उनकी नजर उस पर पड़ी तो लगा कि ये तो पुरानी चेन है और हाथ लगाते ही पता चला कि नकली है। दुकानदार ने बताया कि उसी समय वह दुकान से बाहर निकला और महिला को आवाज दी कि मेडम रुकिए-रुकिए, इस बीच महिला ने तेजी से कदम बढ़ाए और आगे एक स्कूटर पर बैठकर निकल गई। बाइक से पीछा करने पर महिला नहीं दिखी दुकानदार धीरज ने बताया कि वह करीब 100 कदम वापस आया और अपनी बाइक उठाकर महिला का पीछा किया और देहलीगेट चौराहे तक गया, लेकिन महिला कहीं नहीं दिखी। उसने बताया कि स्कूटर महिला या पुरुष चला रहा था यह भी नजर नहीं आया। दो महिलाएं आई दुकानों पर बाद में व्यापारी एकत्रित हुए तब पता चला कि दो महिलाएं आई थी। इससे पहले भी दोनों एक साथ एक दुकान पर गई और वहां से एक धीरज की दुकान पर आ गई। दूसरी दुकान के सीसीटीवी में भी दो महिलाएं देखी गई। व्यापारियों का कहना है कि स्कूटर चलाने वाली भी दूसरी महिला थी या कोई और यह सब पुलिस जांच में सामने आएगा। बाद में व्यापारी ने धानमंडी पुलिस थाने में इस घटना की रिपोर्ट दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।