उदयपुर में खेत में फसल काट रहे किसान पर लेपर्ड ने हमला कर दिया। इस दौरान पास में ही एक पेड़ पर बंदर बैठे हुए थे। उनमें से कुछ बंदर नीचे आ गए। आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने भी शोर मचाया। इस बीच लेपर्ड भाग गया। घटना गोगुंदा थाना क्षेत्र के लोसिंग गांव में बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे हुई। लोसिंग निवासी किसान तुलसीराम पालीवाल (55) अपने खेत में गेहूं की फसल काट रहा था। बंदर आए तो लेपर्ड भाग गया तुलसीराम ने बताया- फसल काटने के बाद थोड़ा आराम करने के लिए एक पेड़ के नीचे छाया में गया था। तभी झाड़ियों में छुपे लेपर्ड ने मुझ पर हमला कर दिया। लेपर्ड ने मेरी गर्दन पर पंजा मारा। इसी दौरान पास में दूसरे पेड़ पर बंदरों को झुंड था। आसपास के खेतों से भी लोगों ने शोर मचाया। पेड़ पर बैठे बंदरों में से दो बंदर ‘हनुमान’ बनकर नीचे आए। लेपर्ड मुझे छोड़कर भाग गया। उन्होंने कहा- बंदरों की वजह से मेरी जान बची। हमले में मेरी पीठ और हाथ पर मामूली खरोंच आई हैं। ग्रामीण तुलसीराम को लोसिंग अस्पताल लेकर गए, जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देकर लेपर्ड को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। इनपुट : गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा