उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल में एक युवक ने रेजिडेंट डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ पर सरिए से हमला करने की कोशिश की। घटना सोमवार देर रात करीब 12.30 बजे मेडिकल इमरजेंसी आईसीयू में हुई। यहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई थी। इस दौरान परिजनों ने हंगाम कर दिया। गुस्साए महिला के पति ने सरिए से हमला करने की कोशिश की। समय रहते उसे रोक लिया गया। सूचना पर हाथीपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामला शांत कराया। मौत की सूचना मिलते ही आपा खो बैठा पति जानकारी अनुसार, अजमेर निवासी आफरीन बानो (20) गुलन बेरी सिंड्रोम से पीड़ित थी। वह 8 अप्रैल से वेंटिलेटर पर थी। सोमवार शाम से ही उनकी हालत नाजुक थी। ड्यूटी पर तैनात डॉ ज्योति चौधरी, डॉ आदित्य और डॉ नरेन्द्र ने शाम को सीपीआर देकर उसे रिवाइव किया था। रात 11 बजे डॉ हंसराज ने कमान संभाली, लेकिन आधी रात के ​बाद स्थिति फिर बिगड़ गई। रात 12:30 बजे मरीज को मृत घोषित कर दिया गया। मौत की सूचना मिलते ही पति फारुक आपा खो बैठा। सरिया उठाकर ड्यूटी पर तैनात स्टाफ पर हमला करने का प्रयास किया। सूचना पर आरएनटी मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ राहुल जैन रात में ही अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पीड़ित डॉ हंसराज ने अधीक्षक डॉ आरएल सुमन को लिखित शिकायत देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। 24 घंटे गश्त और सुरक्षा दे प्रशासन: डॉ दीपेन्द्र घटना के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों में भारी नाराजगी है। उदयपुर रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन के प्रेसिडेंट डॉ दीपेन्द्र सेवदा ने बताया- महिला चिकित्सकों सहित पूरा स्टाफ दिन-रात सेवा में लगा है। ऐसे में हमले की घटनाएं मनोबल तोड़ती है। परिसर में पूरे सप्ताह 24 घंटे पुलिस गश्त और पुख्ता सुरक्षा की जानी चाहिए।