उदयपुर में महाराणा भूपाल सरकारी हॉस्पिटल में सोमवार से शाम को भी ओपीडी सुविधा शुरू हो गई। आरएनटी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध संभाग के सबसे बड़े महाराणा भूपाल सरकारी हॉस्पिटल में ये सुविधा शाम 5 से 7 बजे तक मेडिसिन विभाग में शुरू हुई है। तेज गर्मी के चलते लू-तापघात, डायरिया बुखार के रोगी बढ़े हैं। इसके मद्देनजर हॉस्पिटल प्रशासन ने ये व्यवस्था शुरू की है। अस्तपाल में सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक संचालित नियमित आउटडोर में मेडिसिन विभाग में ही रोज 450 से 500 रोगी आ रहे हैं। इसमें ज्यादातर लू-तापघात और बुखार के हैं। वहीं शाम के आउटडोर में पहले दिन करीब 45 रोगी आए। डॉक्टर्स ने कहा- लोगों को धीरे-धीरे पता लगेगा तो शाम को भी मरीजों की संख्या बढ़ेगी। तेज धूप-गर्म हवा के कारण कई रोगी नहीं आते: अधीक्षक एमबी हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. आरएल सुमन ने पहले दिन पहुंचकर आउडोर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने हर डॉक्टर के चैंबर में जाकर फीडबैक लिया। बाद में अधीक्षक ने बताया- राज्य सरकार के निर्देशानुसार हीट वेव के प्रभाव के चलते ​ये पहल गरीब आमजन के लिए शुरू की। लोगों को जैसे-जैसे पता लगेगा तो लोग शाम को आ पाएंगे। दिन में तेज धूप और गर्म हवा के कारण कई मरीज नहीं आ पाते। मेडिसिन विभाग में हमने 3 से 4 डॉक्टर्स लगाए हैं। साथ ही हमारी सभी जांच लैंब, दवा स्टोर खुले हैं। वहीं नर्सिंग स्टाफ भी तैनात है।