उदयपुर में शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम ने खुले में नॉनवेज बेचने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी किए हैं। निगम ने साफ कहा है कि दुकानदारों को कांच के बॉक्स में रखकर ही साफ-सफाई के साथ मीट बेचना होगा, ताकि आसपास गंदगी न फैले। यदि कोई दुकानदार इन नियमों को नहीं मानता है, तो उसका लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर महापौर पारस सिंघवी और आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बिजली विभाग के अफसरों के साथ बैठक की। इसमें बिजली के खंभों के पास पेड़ों की टहनियां काटने, नीचे झूलते तारों को ठीक करने और सड़कों पर पड़े 600 बेकार खंभों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए। नियम तोड़ने पर सीधे कार्रवाई होगी नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा और स्वास्थ्य निरीक्षक सुभाष चंद्र शर्मा ने मीट दुकानदारों को ये नोटिस दिए हैं। शहर में जिन दुकानदारों को नगर निगम से लाइसेंस मिला हुआ है, उन्हें पूरी तरह ढककर और कांच के बॉक्स में ही मांस बेचना होगा। साथ ही सरकार के सफाई नियमों का भी पूरा पालन करना होगा। निगम प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आगे भी दुकानों की जांच जारी रहेगी और नियम तोड़ने वालों पर सीधी कार्रवाई होगी। महापौर ने ली बिजली विभाग के अधिकारियों की बैठक उधर, नगर निगम के मिनी हॉल में गुरुवार को महापौर पारस सिंघवी और आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बिजली विभाग (आरएसईबी) के अधिकारियों की बैठक ली। महापौर ने बताया कि कई पार्षद अपने वार्डों में बिजली के खंभों के पास पेड़ों की टहनियां फैलने की शिकायत कर रहे हैं। ये टहनियां बिजली के तारों को छू रही हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। कई बार कहने के बाद भी बिजली विभाग ने इस पर ध्यान नहीं दिया है। महापौर ने अब तुरंत कार्रवाई शुरू करने को कहा है। झूलते बिजली तार और पोल हटेंगे महापौर ने कहा कि स्मार्ट सिटी एरिया और पुराने शहर की तंग गलियों में कई जगह बिजली के तार काफी नीचे झूल रहे हैं। इससे लोगों की जान को खतरा है और शहर की सुंदरता भी खराब हो रही है। उन्होंने खंभों पर लोगों द्वारा डाले गए अवैध तारों को हटाने के लिए भी कहा। साथ ही उदियापोल इलाके में खुले पड़े हाई पावर बिजली तारों की तुरंत जांच कर उन्हें ठीक करने के निर्देश दिए। इसके लिए निगम और बिजली विभाग के अफसर साथ मिलकर शहर का दौरा करेंगे। करीब 600 बिजली पोल बेतरतीब बैठक में आयुक्त अभिषेक खन्ना ने कहा कि जनता को नगर निगम को जवाब देना पड़ता है, इसलिए बिजली विभाग शटडाउन के दौरान निगम का पूरा सहयोग करें। इस दौरान स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि शहर में अलग-अलग जगहों पर करीब 600 बिजली के खंभे बेतरतीब पड़े हैं। इनसे सड़कों की सफाई करने में परेशानी आ रही है। इन सभी खंभों को तुरंत व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। पेड़ों की छंगाई होगी बैठक में तय हुआ कि शटडाउन के बाद जब भी पेड़ों की छंगाई होगी, बिजली विभाग पहले से नगर निगम को सूचना देगा। इससे निगम की टीम कटी हुई टहनियों को समय पर सड़क से हटा सकेगी। इसके अलावा पेड़ों की छंगाई करने वाले ठेकेदारों के मोबाइल नंबर भी निगम अफसरों और पार्षदों को दिए जाएंगे, ताकि पार्षद सीधे संपर्क कर अपने वार्ड में काम करवा सकें। इस बैठक में नगर निगम के अधिशासी अभियंता रितेश पाटीदार, बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता के.आर. मीणा, अधिशासी अभियंता संदीप कोठारी और अनिल धींग समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।