उदयपुर जिले में पंचायत चुनाव के पहले चरण में शनिवार को पंच-सरपंच के लिए मतदान पूरा हो गया है। शाम 6 बजे तक कुल 83.13 प्रतिशत वोटिंग हुई है। वोटर्स में युवा, महिलाओं से लेकर बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। वल्लभनगर पंचायत समिति के करणपुर मतदान केंद्र पर एक बुजुर्ग को व्हीलचेयर नहीं मिलने पर उनके परिजन गोद में उठाकर वोट डलवाने लेकर आए। इस पंचायत समिति के ही बालाथल मतदान केंद्र पर एक घायल युवक को खाट पर लेटाकर वोट डलवाने लाया गया। वहीं,मतदान से एक दिन पहले शुक्रवार रात भीण्डर पंचायत समिति की चारगदिया ग्राम पंचायत में एक सरपंच प्रत्याशी पर हमला हो गया। उनके समर्थकों ने विरोधी गुट के लोगों ने मारपीट करने का आरोप लगाया। बता दें कि आज जिले की 10 पंचायत समितियों की 283 ग्राम पंचायतों में सरपंच के 283 और वार्ड पंच के 2459 पदों के लिए वोट डाले गए हैं। 600 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया जिले की 10 पंचायत समितियों की 284 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 1480 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, 600 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस लिए थे। एक सरपंच के निर्विरोध होने के बाद अब शेष 283 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए चुनावी मुकाबला होगा। पहले चरण में गांवों की सरकार चुनने के लिए मतदाताओं में उत्साह है। अनारक्षित सीटों पर कई उम्मीदवार मैदान में हैं, जिससे मुकाबला रोचक बना हुआ है। वहीं पंचायत समिति ओगणा की ग्राम पंचायत चोखला बारा में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से विरम चंद डूंगरी को सरपंच और सात वार्ड पंचों को निर्विरोध चुना है। उदयपुर जिले में 83.13 % मतदान हुआ पहले तस्वीरों में देखें मतदान केंद्रों का माहौल… जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल के अनुसार- पहले चरण में सबसे ज्यादा 35 सरपंच पद फलासिया पंचायत समिति में हैं। वहीं वार्ड पंचों के सबसे ज्यादा 308 पद भींडर पंचायत समिति में हैं।