उदयपुर में पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण में बुधवार को मतदान होगा। जिले की छह पंचायत समितियों सायरा, कोटड़ा, सुलाव, गोगुंदा, बड़गांव और देवला में मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इन क्षेत्रों में जिला परिषद के 14 और पंचायत समिति सदस्यों के 96 वार्डों के लिए कुल 458 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। मतदान में 3 लाख 89 हजार 323 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस चरण में जिला परिषद सदस्य के 14 वार्डों में 36 प्रत्याशी और पंचायत समिति सदस्य के 96 वार्डों में 248 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस तरह कुल 284 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। मतदान दलों की हुई ट्रेनिंग, किया गया रवाना जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में मंगलवार को मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण दिया गया। नगर निगम के सुखाड़िया रंगमंच सभागार और फतह स्कूल परिसर में हुए प्रशिक्षण में मतदान कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया और आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने सुरक्षा कार्मिकों को भी प्रशिक्षण दिया। मतदान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश एसपी ने मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा। प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरित की गई। इसके बाद दल अपने-अपने आवंटित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए।