उदयपुर के पुलिस लाइन में बुधवार को पुलिस शहीद दिवस सम्मान के साथ मनाया गया। उदयपुर रेंज आईजी गौरव श्रीवास्तव, एसपी डॉ. अमृता दुहन सहित अन्य पुलिस अधिकारी और जवानों ने शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। समारोह के दौरान आईजी श्रीवास्तव ने 1 ​सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक वीरगति को प्राप्त करने वाले 154 शहीदों के नाम का पठन किया। उन्होंने कहा- 67 वर्ष पहले आज के दिन लद्दाख के दुर्गम क्षेत्र में भारतीय पुलिस के जवानों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। इन दिनों के बलिदान को याद करने के उद्देश्य से पुलिस शहीद दिवस मनाया जाता है। इन वीरों का बलिदान भारतीय पुलिस के कार्यों में उच्चतम परंपराओं का प्रतीक है। कार्यक्रम के बाद परेड कमांडर गुलाब सिंह के नेतृत्व में परेड का आयोजन कर सलामी दी गई। सभी पुलिस अधिकारी-जवानों ने पुष्पचक्र और माला अर्पित की और मौन रखते हुए वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में पौधरोपण किया गया। रक्तदान से पेश की सामाजिक सरोकार की मिसाल शहीद दिवस के उपलक्ष में पुलिस लाइन में रक्तदान शिविर भी हुआ। इसमें पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस अवसर पर एएसपी मुकुल शर्मा, एएसपी उमेश ओझा, एएसपी रजत बिश्नोई, एएसपी लखमन राय, एएसपी मंजित सिंह और एएसपी अंजना सुखवाल सहित डीएसपी और थानों के थानाधिकारी-पुलिसकर्मी मौजूद रहे।