उदयपुर में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। पिछले दो दिनों से शहर में बादल छाए रहने और ठंडी हवा चलने के बावजूद बारिश की एक बूंद भी नहीं गिरी। उदयपुर में अब तक 3% कम बारिश हुई है। अब तक 132.2 मिलीमीटर बारिश हो जानी थी, लेकिन 128.9 मिमी बारिश ही हुई है। मौसम विभाग और मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले पूरे सप्ताह जिले में अच्छी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि शनिवार को भी सुबह से मौसम सुहावना बना हुआ है और आसमान में बादलों का डेरा है। शुक्रवार को भी सुबह और शाम बादल छाए रहे और हवा चलती रही, लेकिन दोपहर में तेज धूप निकलने से लोगों को उमस का सामना करना पड़ा। मौसम केंद्र डबोक के अनुसार शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार की तुलना में अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया। मौसम विशेषज्ञ डॉ. आर.एस. देवड़ा ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान में धूलभरी आंधी और तेज हवाओं की स्थिति बनी हुई है। वहीं उदयपुर में अगले पूरे सप्ताह हल्के बादल और धूप दोनों का असर रहेगा। उन्होंने कहा कि मानसून का पहला दौर समाप्त हो चुका है, इसलिए सप्ताहभर मौसम शुष्क रहने की संभावना है। तापमान में पहले हल्की गिरावट आएगी, इसके बाद फिर बढ़ोतरी होगी और उमस भरा मौसम बना रहेगा। सबसे पहले- उदयपुर में बारिश की स्थिति