उदयपुर में मानसून की एंट्री के बाद से रोजाना रुक-रुक कर बारिश हो रही है। एक दिन पहले रविवार शाम को जिले में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने भी मानसून की सबसे ज्यादा एक्टिविटी वाले जिलों में उदयपुर को शामिल किया है। उदयपुर में आज दोपहर बाद शहर के अलग-अलग इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम दिनभर बदलता रहा सुबह बादल छाए हुए थे। उसके बाद धूप निकली और इसके बाद फिर बादलों ने डेरा डाला। शाम साढ़े चार बजे बाद शहर में बूंदाबांदी के साथ हल्की बारिश हुई। इस बीच आज उदयपुर का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले रविवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री से. रहा। उदयपुर में दिन और रात, दोनों के तापमान में कमी आई है। न्यूनतम तापमान में अधिक गिरावट दर्ज होने से सुबह और रात के समय मौसम अपेक्षाकृत अधिक ठंडा महसूस हुआ, जबकि दिन का तापमान भी रविवार की तुलना में 1.2 डिग्री से. कम रहा। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने मंगलवार को उदयपुर जिले में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां पर तेज बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम एक्सपर्ट भूगोल विषय के सहायक आचार्य डॉ. आर.एस.देवड़ा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के सिस्टम की वजह से मानसून को अच्छी नमी मिल रही है। इसके चलते पूर्वी तट से लगे क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि राजस्थान के दक्षिणी और पूर्वी भाग में वर्षा होगी। मेवाड के अधिकांश हिस्सों में तीन से चार दिनों तक बादल छाए रहने के साथ भारी बारिश की संभावना है। तापमान स्थिर बना रहेगा। उमस वाली गर्मी महसूस होगी इधर बीते चौबीस घंटे में उदयपुर शहर में सर्वाधिक करीब डेढ़ इंच और बागोलिया बांध और स्वरूपसागर पर एक-एक इंच बारिश हुई है। उदयपुर में आज सुबह 8 बजे तक पिछले चौबीस घंटे की बारिश (मिलीमीटर में) पिछले सात दिनों का उदयपुर का तापमान (डिग्री से. में)