उदयपुर और सलूंबर जिले में आज दोपहर बाद मौसम पलटा और कई जगह हल्की बारिश हुई। उदयपुर में शाम बाद तेज हवा के साथ बादल छा गए। तेज हवा के कारण दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं। छतों पर लगी टीनशेड उड़कर दूर जा गिरे। ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के साथ ही मौसम में ठंडक घुल गई। शहर के अधिकांश इलाकों में शाम को ठंडी हवा चलने लगी। जिले के उदयपुर-अहमदाबाद हाइवे पर खेरवाड़ा के पास के इलाके में हल्की बारिश हुई तो सलूंबर के सेमारी सहित पास के गांवों में बारिश हुई। इधर, डबोक मौसम केंद्र के अनुसार आज उदयपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री से. और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री से. रहा। जबकि एक दिन ​पहले 6 अप्रैल को यह आंकड़ा 33.2 और 17.2 डिग्री रहा। उदयपुर जिले के खेरवाड़ा कस्बे में मंगलवार को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। मंगलवार को सुबह से ही कस्बे में बादल छाए रहे और शाम को बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक रुक रुककर बारिश हुई। बारिश शुरू होते ही कस्बे में बिजली गुल हो गई। वहीं, बारिश से कस्बे की सड़के भीग गई। बारिश से कस्बे वासियों को गर्मी व उमस से राहत मिली। खेरवाड़ा में तेज हवा के कारण कई घरों को नुकसान पहुंचा। दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं। छतों पर लगी टीनशेड उड़कर दूर जा गिरे। सलूंबर जिले के सेमारी कस्बे में आज शाम को हल्की बारिश हुई। कस्बे में बारिश से पहले तेज हवाएं चली और इसके बाद बारिश का क्रम शुरू हुआ। हल्की बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई। इनपुट : हितेष जोशी खेरवाड़ा और यशवंत सेमारी