उदयपुर में कमीशन के लालच में टूरिस्ट को परेशान करने वाले 5 लपकों को पर्यटन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया। ये लपके शहर के चौराहों पर बाइक लेकर खड़े होते हैं। दिल्ली, गुजरात, एमपी, महाराष्ट्र आदि बाहरी राज्यों की गाड़ी देखते ही टूरिस्ट की ओर लपकते हैं। फिर कम से कम रेट का झांसा देकर शहर के पर्यटनों स्थलों पर विजिट कराने की बात करते हैं। एएसआई नरेंद्र सिंह ने बताया- पूछताछ में पता लगा कि लपकों ने शहर में हैंडीक्रॉफ्ट और राजस्थानी ड्रेसेज आदि की शॉप से 30 प्रतिशत कमीशन फिक्स कर रखा है। साइट सीन विजिट कराने की आड़ में ये अपनी चुनिंदा शॉप पर शॉपिंग कराने का दबाव बनाते हैं। कम रेट का लालच देकर वहां खरीदारी के लिए ले जाते हैं। शहर के चौराहों से किया गिरफ्तार गश्त के दौरान पुलिस ने पारस चौराहा, सूरजपोल चौराहा, उदयपोल चौराहा पर लपकों द्वारा टूरिस्ट को परेशान करते हुए देखा। लपकों से पूछताछ की तो उनके पास कोई वैध लाइसेंस नहीं था। उदयपोल बस स्टैंड राकेश पिता भंवरलाल, चंपालाल धर्मशाला के सामने से सिपाही नट पिता हरफूल, पारस चौराहे से दिनेश पिता मनोज, निसार पिता अब्दुल खान और मोहम्मद आसिफ को गिरफ्तार किया था। पर्यटन व्यवसाय अधिनियम के तहत इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। हालांकि गिरफ्तारी के बाद इनकी जमानत हो गई। एएसआई नरेंद्र सिंह ने बताया- पुलिस कोर्ट में इनका चालान पेश कर आगे की कार्रवाई करेगी। साथ ही आगे भी टूरिस्ट को परेशान करने वाले लपकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।