उदयपुर में बन रही पानी की ओवरहेड टंकी का मचान अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मचान गिरने से काम कर रहे दो मजदूर घायल होकर नीचे गिर पड़े। वहीं एक मजदूर ऊपर ही फंसा रह गया। नीचे आने का रास्ता पूरी तरह खत्म हो चुका था और मजदूर की जान खतरे में थी। उदयपुर में कालाभाटा-पुरोहितों की मादड़ी में राजकीय बालिका विद्यालय के सामने सोमवार दोपहर यह हादसा हुआ। दो मजदूर घायल हुए, एक ऊपर फंस गया टंकी का निर्माण कार्य पीएचइडी के ठेकेदार सरिता कंस्ट्रक्शन जोधपुर की ओर से कराया जा रहा है। सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे जब मजदूर काम कर रहे थे, तभी अचानक मचान गिर गया। इस मलबे की चपेट में आने से मजदूर महेंद्र नायक और दिनेश बुरी तरह घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं राकेश पुत्र लालू नायक टंकी के ऊपरी हिस्से पर फंस गया। ऊंचाई ज्यादा होने के कारण उसे सुरक्षित नीचे लाना बड़ी चुनौती बन गया था। घटना की जानकारी मिलते ही अशोक नगर अग्निशमन केंद्र की टीम हरकत में आई। दाे घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने तुरंत टीम को मौके पर भेजा। सहायक अग्निशमन अधिकारी नवदीप सिंह बग्गा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने हालात को देखते हुए स्काई ब्रांटो लिफ्ट यानी हाइड्रोलिक प्लेटफार्म का इस्तेमाल करने का फैसला किया। यह रेस्क्यू ऑपरेशन करीब दो घंटे तक चला। दमकलकर्मियों ने बेहद सूझबूझ और तकनीकी कुशलता दिखाते हुए हाइड्रोलिक लिफ्ट को राकेश तक पहुंचाया। काफी मशक्कत के बाद राकेश को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। राकेश के नीचे आते ही वहां मौजूद लोगों और परिजनों ने राहत की सांस ली।