उदयपुर शहर में न्यू आरटीओ ऑफिस स्थित वैदिक भोजनशाला रेस्टोरेंट में शुक्रवार को आग लग गई। आग लगने से रेस्टोरेंट में रखा फर्नीचर सहित अन्य कीमती सामान जल गया। लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरे रेस्टोरेंट में फैल गई। उठते हुए धुएं के गुबार को देखकर आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया। टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत बाद काबू पाया जा सका। प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। हादसे के वक्त स्टाफ रेस्टोंरेंट में मौजूद था। स्टाफ ने तुरंत बाहर की तरफ भागकर अपनी जान बचाई। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं लग पाया है।