बयाना-वैर स्टेट हाइवे पर सोमवार दोपहर राजकीय पीजी कॉलेज के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया। एएसआई बृजेन्द्र सिंह ने बताया कि गांव त्यौहारी (वैर) निवासी राजवीर और अजयवीर बाइक से बयाना आ रहे थे। तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और 108 एम्बुलेंस से दोनों को बयाना अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने राजवीर गुर्जर (30) पुत्र हरिसिंह को मृत घोषित कर दिया। अजयवीर गुर्जर (25) की हालत नाजुक होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भरतपुर रेफर किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है। दिल्ली में सिक्योरिटी कंपनी में काम करते हैं दोनों भाई अस्पताल में मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि मृतक राजवीर और घायल अजयवीर दोनों दिल्ली की एक निजी सिक्योरिटी कंपनी में कार्यरत हैं और गांव में एक परिचित की शादी में शामिल होने छुट्टी पर आए थे। एसएचओ रामगिलास गुर्जर के अनुसार, मृतक का बयाना अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे को अंजाम देने वाले वाहन और चालक की पहचान की जा सके। गौरतलब है कि बयाना-वैर मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्ती से यातायात नियम लागू कराने और गति नियंत्रण के प्रभावी उपाय करने की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लग सके।