राजस्थान के 16 जिलों में शनिवार को पहले चरण में पंच-सरपंच के लिए वोटिंग के बाद मतगणना हुई। रविवार सुबह अलवर जिले की कठूमर पंचायत समिति की गारू में पंच और सरपंच के चुनाव में मतगणना पर विवाद हो गया है। बड़ी संख्या मे लोग मतदान केंद्र के बाहर धरने पर बैठ गए। वहीं, बीकानेर की ग्राम पंचायत में पत्थरबाजी हो गई। वहीं दूसरी तरफ रविवार को 16 जिलों की 3314 पंचायतों में आज उपसरपंच के चुनाव हो रहे हैं। उपसरपंच के चुनाव में वार्ड पंच वोट करेंगे। 16 जिलों के गांवों में 28,682 वार्ड पंच मिलकर 3314 उपसरपंच चुनेंगे। उप सरपंच के चुनाव में वार्ड पंच ही वोट करते हैं, इसमें आम वोटर्स की भागीदारी नहीं होती। आज सभी 3314 ग्राम पंचायतों के वार्ड पंचों की बैठकें हैं, नामांकन प्रक्रिया के बाद दोपहर बाद तक वोटिंग और तत्काल बाद वोटों की गिनती कर रिजल्ट जारी किया जाएगा। सरपंच की तरह ही उपसरपंच के चुनाव में भी पार्टी सिंबल नहीं होता। दलगत आधार पर चुनाव नहीं होता। कठूमर में दूसरे नंबर पर रही प्रत्याशी धरने पर बैठी कठूमर पंचायत समिति की गारू ग्राम पंचायत के परिणाम घोषित होने के बाद दूसरे नंबर पर रही प्रत्याशी हरदेवी अपने समर्थकों के साथ रविवार सुबह सरकारी स्कूल के बने मतदान केंद्र बाहर धरने पर बैठ गईं। इस दौरान लोगों ने सड़क पर लेटकर नारेबाजी की। प्रत्याशी हरदेवी के भतीजे मनोज कुमार ने बताया- शनिवार रात मतगणना के बाद मेरी चाची हरदेवी को करीब 76 वोटों से हारा हुआ घोषित कर दिया गया। वहीं, आरती खंडेलवाल को विजयी घोषित किया गया। पहले हमनें हार स्वीकार कर ली थी, लेकिन रविवार सुबह करीब 9:30 बजे मतदान केंद्र पहुंचे तो स्कूल में बैलेट पेपर की एक गड्डी पड़ी मिली। बीकानेर की केला ग्राम पंचायत में पत्थरबाजी हुई बीकानेर जिले की पूगल पंचायत समिति की केला ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव का परिणाम देर रत घोषित होने के बाद रविवार सुबह विवाद हो गया। जमीला पत्नी इकबाल की जीत के बाद कुछ लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस-प्रशासन की तीन गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने उपद्रव कर रहे लोगों को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। सूचना मिलने पर उपखंड अधिकारी पवन कुमार और थाना अधिकारी नवनीत सिंह सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी हालात संभालने में जुटे रहे।