राजस्थान के टोंक जिले में विद्या भारती के विद्यार्थियों ने इस वर्ष की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, जिससे जिले का मान बढ़ा है। भारतीय शिक्षा प्रचार समिति, टोंक द्वारा संचालित विद्या मन्दिरों का परिणाम न केवल शानदार रहा, बल्कि सभी के लिए प्रेरणादायक भी है। उच्च माध्यमिक सरस्वती विद्या मन्दिर, निवाई स्कूल के छात्र आशुतोष मीणा ने 12वीं कक्षा में 99.40% अंक प्राप्त कर न केवल जिले, बल्कि राज्य स्तर पर भी शानदार स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि मेरे अभिभावकों और शिक्षकों का बहुत सहयोग रहा है, जिसने मुझे इस मुकाम तक पहुंचने में मदद की। अनीता गुर्जर ने भी 12वीं कक्षा में 98.40% अंक प्राप्त कर विद्या भारती राजस्थान एवं टोंक जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया। कक्षा 10वीं में नन्दन शर्मा ने 98.33%, अंकुश व्यास ने 96.67% अंक प्राप्त किए। 12वीं कक्षा में 173 छात्रों में से 21 ने 90% से ऊपर अंक प्राप्त किए, जबकि कक्षा 10वीं में इस संख्या 40 रही। संस्था के जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार शर्मा ने कहा कि हम अपने विद्यार्थियों की मेहनत और उनके परिवारों के समर्थन को सलाम करते हैं। विद्या भारती ने शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और संस्कारों का महत्व भी समझाया है।